इटावा , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश की इटावा पुलिस ने मकर संक्रांति के दिन उन मोबाइल धारकों को बड़ा तोहफा दिया जिनके मोबाइल खो गये थे। पुलिस ने बधुवार को इटावा में 101 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपा।
इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन सभागार में खोए हुए मोबाइल वितरित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मोबाइल फोन बरामद करने वाली पुलिस टीम को 25000 का इनाम दिया गया है।
एसएसपी श्रीवास्तव ने बताया कि इटावा की पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोनों को बरामद करने के लिए कड़ी मशक्कत की है और मोबाइल फोन पाने के बाद मोबाइल धारक बेहद खुश होकर के पुलिस का आभार जाता रहे हैं। मोबाइल फोन पाने के बाद सभी मोबाइल धारक बेहद खुश और प्रफुल्लित बने हुए हैं।
बरामद किए गए 101 मोबाइल फोन की कीमत करीब 30 लाख के आसपास आंकी जा रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि करीब दो साल से अधिक अवधि में यह मोबाइल फोन लोगों के खोये हैं जिसके बाद मिली शिकायत के आधार पर मोबाइल फोन को बरामद करने की प्रक्रिया इटावा पुलिस की ओर से अपनाई गई है।
एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई केन्द्र सरकार के संचार साथी पोर्टल और यूपी कॉप ऐप पर दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई, जिससे लंबे समय से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।
मोबाइल फोन गुम होने के बाद लोगों ने संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल संचार साथी और यूपी कॉप ऐप पर अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ने सर्विलांस और एसओजी टीम को तत्काल मोबाइल बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद टीमों ने तकनीकी और मैनुअल जांच के जरिए अलग अलग स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू की।
मोबाइल वापस मिलने के दौरान कई भावुक दृश्य भी देखने को मिले।
इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव ने मोबाइल बरामद करने वाली टीम की सराहना की और उनके उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित