इटावा , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश में इटावा में नवरात्रि के अवसर पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान एवं महिला सशक्तिकरण के तहत एक अनोखी पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा सोनम को एक दिन के लिए जिलाधिकारी (डीएम) बनाया गया।
एक दिन की डीएम बनी सोनम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह आगे पढ़-लिखकर वास्तविक डीएम बनना चाहती हैं। उसने बताया कि आज भले ही उन्हें एक दिन के लिए यह जिम्मेदारी मिली है, लेकिन उनका लक्ष्य भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज की सेवा करना है। छात्रा ने संदेश दिया प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी जी देश की महिला सुरक्षा के लिए 1090, 112 जैसे महिला हेल्पलाइन नंबर चलाए जा रहे है जिस पर बेहिचक काल कर समस्या को अवगत कराया जा सकता है। साथ ही महिला को स्वावलंबी और सशक्त बनाने के लिए लिए भी विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। सोनम ने संदेश दिया कि एक देश तभी मजबूत बनता है जब उस देश के लोग एकजुट होते है।
छात्रा सोनम ने एक दिन का डीएम बनाए जाने पर जिलाधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर आए फरियादियों की शिकायतों को भी सुना, इसमें राजस्व, चकबंदी, अतिक्रमण अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने जल्द सम्बंधित एसडीएम, तहसीलदार को अंकित कर निस्तारण का भरोसा दिया।
इस मौके पर इटावा डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सोनम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सोनम सहित अन्य स्कूली छात्राओं को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को प्रेरित करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का संदेश दिया गया। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की प्रधानाचार्य और स्टाफ समेत करीब एक दर्जन छात्राएं भी मौजूद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित