इटावा , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश के इटावा में दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग के भरथना रेलवे स्टेशन के पास डिब्रूगढ़ से नयी दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन के पूर्वी छोर पर अप लाइन से ट्रेन नंबर 12423 (डिब्रूगढ़-नई दिल्ली) राजधानी एक्सप्रेस गुज़र रही थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग पटरी पार कर प्लेटफॉर्म संख्या तीन से दो की ओर जा रहा था।
अनुमान है कि वह किसी अन्य ट्रेन से उतरा था और स्टेशन से बाहर जाने के लिए शॉर्टकट अपनाकर पटरी पार कर रहा था, तभी तेज़ रफ़्तार राजधानी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बुजुर्ग का शव इंजन में ही फंस गया। हादसा होते ही स्टेशन पर अफ़रा-तफ़री मच गई। ट्रेन घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर आगे जाकर रुकी, जिसके बाद जीआरपी और रेल सुरक्षाकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर इंजन में फंसे क्षत-विक्षत शव को बाहर निकाला।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत के शिकार बने बुजुर्ग की पहचान भरथना के अंबेडकरनगर के सियाराम (65) के रूप में हुई है।
जानकारी करने पर पता चला कि सियाराम अपनी बेटी के यहां से इंटरसिटी ट्रेन से भरथना रेलवे स्टेशन आया हुआ था रेलवे लाइन को क्रॉस करते समय राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से सियाराम की दर्दनाक मौत हो गई है।
फिलहाल जीआरपी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित