वाशिंगटन , मार्च 22 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने "ईरान को नक्शे से मिटा दिया है" और यह लक्ष्य तय समय से "कई सप्ताह पहले" हासिल कर लिया गया।
श्री ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया मंच पर दिया है। यह प्रतिक्रिया उस समय आयी है जब ईरान ने इजरायल के डिमोना और अराद स्थित परमाणु ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। ईरान ने इसके अलावा डिएगो गार्सिया स्थित अमेरिका-ब्रिटेन के ठिकानों पर भी मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे उसकी लंबी मारक क्षमता का संकेत मिला।
श्री ट्रंप ने एक प्रमुख अमेरिकी अखबार की आलोचना करते हुए कहा कि उसके " मामूली विश्लेषक" यह कह रहे हैं कि उन्होंने अपने लक्ष्य हासिल नहीं किए। वह न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकार डेविड सैंगर का जिक्र कर रहे थे, जो व्हाइट हाउस और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं।
श्री ट्रंप और श्री सैंगर के बीच मतभेद लंबे समय से रहे हैं, जिसमें श्री सैंगर ने ट्रंप प्रशासन की नीतियों, विशेषकर "अमेरिका फर्स्ट" नीति और ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की आलोचनात्मक रिपोर्टिंग की है।
श्री ट्रंप ने अपने दावे को दोहराते हुए कहा, "हां, मैंने ऐसा किया है, और तय समय से कई सप्ताह पहले।"उन्होंने कहा कि ईरान का नेतृत्व समाप्त हो चुका है, उसकी नौसेना और वायुसेना "खत्म" हो चुकी है और उसके पास "कोई रक्षा क्षमता नहीं बची" है।
श्री ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान अब समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इसके पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा, "वे समझौता करना चाहते हैं, मैं नहीं।"उन्होंने फिर दोहराया कि अमेरिका अपने लक्ष्यों को तय समय से "कई सप्ताह पहले" हासिल कर चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित