पटना, मार्च 18 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने बुधवार को कहा कि इजरायल-ईरान युद्ध का भारत पर असर नहीं पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार तत्पर है और देश में एलपीजी और पेट्रोल की कोई कमी नहीं होगी।
श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में भी एलपीजी की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है।उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पर देश को भरोसा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति देशवासियों का अटूट विश्वास है। लोग जानते हैं, पीएम मोदी के पास हर संकट का समाधान है। कोरोना काल में श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो साहस के साथ साथ समाधान निकाला, उसका पूरी दुनिया कायल है। भारत ने पड़ोसी समेत विश्व के कई देशों को वैक्सीन भेजकर आपदा के समय मदद की थी ।
श्री मिश्र ने कहा कि निश्चित तौर पर युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा विश्व शांति के मार्ग पर चला है और किसी भी विवाद को संवाद के माध्यम से हल ढूंढ़ने का हिमायती रहा है। यही वजह है कि जब दो देशों के बीच युद्ध की स्थिति बन जाती है, तो समाधान के लिए पूरा विश्व उम्मीद भरी नजरों से भारत की ओर देखता है। यह वैश्विक फलक पर भारत की बढ़ती साख को दर्शाता है। भारत की नीतियों की आज हर तरफ सराहना हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित