हरिद्वार, मार्च 04 -- योग गुरु बाबा रामदेव ने आज पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार में होली के फूल खेल समारोह के बाद कहा कि वर्तमान में इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की दादागिरी का परिणाम है और यह युद्ध विश्व के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है तथा दुनिया को योग और शांति के मार्ग से ही जीता जा सकता है।
पत्रकारों से मुख़ातिब होते हुए रामदेव ने आरोप लगाया कि अमेरिका और उसके तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उद्देश्य पूरे विश्व को डॉलर के अधीन चलाना है और जो देश उनकी शक्ति स्वीकार नहीं करता, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विश्व शांति स्थापित करने के लिए सभी देशों को अपने परमाणु हथियारों को नष्ट कर देना चाहिए और एक विश्व सरकार की स्थापना होनी चाहिए, जो युद्धों को रोक सके।
इतना ही नहीं, योग गुरु ने भारत सरकार से अनुरोध किया कि मिडल ईस्ट में फंसे करोड़ों भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएँ।
रामदेव के इस बयान से स्पष्ट हुआ कि उन्होंने न केवल वैश्विक राजनीति और युद्ध नीति पर तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया, बल्कि शांति और योग के माध्यम से समाधान का मार्ग सुझाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित