गाजा , नवंबर 01 -- युद्धविराम लागू होने के बावजूद फिलिस्तीन के गाजा पट्टी में इजरायली हवाई हमलों में एक चार वर्ष के बच्चे समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है।
अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी गाजा शहर के अल-रिमाल इलाके में काहिरा विद्यालय के पास आम नागरिकों के समूह पर मिसाइल हमले में तीन लोगों की जान चली गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
वहीं, दक्षिणी शहर खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में एक ड्रोन हमले में गश्त कर रहे पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हमास संचालित गृह मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है।
दूसरी ओर, इजराश्ली सेना ने दावा किया है कि उसने सैन्य अभियानों से जुड़े संदिग्धों को निशाना बनाकर ये दो हमले किए थे, हालांकि अभी तक इसके संबंध में कोई विस्तृत जानकारी या साक्ष्य साझा नहीं किए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर में दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम लागू हुआ था, लेकिन इजरायली हवाई हमले लगातार जारी हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, युद्धविराम के बाद से अब तक 1,580 लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, सात अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इस भीषण संघर्ष में अब तक गाजा में कुल 74,594 लोगों की जान जा चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित