बेरूत , अप्रैल 08 -- इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूनिफिल) के एक काफिले को रोककर उसके एक शांतिदूत को हिरासत में ले लिया। संयुक्त राष्ट्र (संरा) मिशन ने यह जानकारी दी।
मिशन ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "आज शाम, इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने एक लॉजिस्टिक्स काफिले को रोकने के बाद यूनिफिल के एक शांतिदूत को हिरासत में ले लिया। यूनिफिल के मिशन प्रमुख और बल कमांडर, तथा हमारी संपर्क शाखा द्वारा सीधे और तत्काल संपर्क किए जाने के बाद, शांतिदूत को एक घंटे से भी कम समय में रिहा कर दिया गया।"मिशन ने कहा कि किसी भी संरा शांतिदूत को हिरासत में लेना अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है। बयान में कहा गया कि शांतिदूतों की गतिविधियों में किसी भी तरह का हस्तक्षेप भी संरा सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का उल्लंघन माना जाता है।
हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच दो मार्च को संघर्ष बढ़ने के बाद से यूनिफिल कमान ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों के परिणामस्वरूप कम से कम तीन शांतिदूतों की मौत की सूचना दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित