यरुशलम , अगस्त 19 -- इजरायली पुलिस ने बुधवार को फलस्तीनी यरुशलम मामलों के मंत्री अशरफ अल-अवार को कब्जे वाले पूर्वी यरुशलम के सिलवान इलाके में स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। उनके कार्यालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली पुलिस ने श्री अल-अवार को हिरासत में लेने का कोई कारण नहीं बताया। इजरायली पुलिस ने तत्काल गिरफ्तारी के कारण पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पिछले वर्ष इजरायली अधिकारियों ने श्री अल-अवार के कब्जे वाले पश्चिमी तट में प्रवेश पर छह महीने के लिए रोक लगाने का आदेश जारी किया था, जिसे बाद में बढ़ा दिया गया था।

फलस्तीनी यरुशलम मामलों के मंत्रालय का मुख्यालय कब्जे वाले पश्चिमी तट के अल-राम कस्बे में है, जबकि फलस्तीनी सरकार की बैठकें रामल्ला में होती हैं। सात अक्टूबर 2023 के बाद से इजरायली अधिकारियों ने कब्जे वाले पूर्वी यरुशलम में फलस्तीनियों की खेल, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिबंध और कड़े कर दिये हैं।

इजरायली अधिकारियों ने बस्तियों के विस्तार और फलस्तीनियों के घरों को गिराने की कार्रवाई भी तेज कर दी है। इसके साथ ही अल-अक्सा मस्जिद परिसर में इजरायली बस्तियों में रहने वाले लोगों के प्रवेश को सुगम बनाने और वहां नमाजियों तथा धार्मिक उपदेशकों के प्रवेश पर रोक लगाने के भी आरोप हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित