हैदराबाद , जुलाई 5 -- तेलंगाना में बने अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय अंतर्राष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान (इक्रीसैट) और उसके अनुसंधान सहयोगियों ने मूंगफली की दो नई पौष्टिक किस्मों का विकास करने में सफलता हासिल की है। इसे मूंगफली की फसल सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और इससे किसानों की न केवल आय बढ़ेगी बल्कि, तेल की गुणवत्ता में सुधार आयेगा तथा और खाद्य तेलों के आयात पर भारत की निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी।
संस्थान ने एक विज्ञप्ति में बताया कि मूंगफली पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की विविधता पहचान समिति द्वारा इन नई किस्मों 'आईसीजीवी 181030 और आईसीजीवी 201214' की पहचान की गई है और देश भर में कई स्थानों पर किए गए परीक्षणों के बाद इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जारी करने की तैयारी है। यह किस्में उच्च ओलिक क्षमता वाली हैं। ओलिक एसिड एक तरह की स्वस्थ वसा है और इसे विज्ञान की भाषा में 'मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड' या ओमेगा-9 फैटी एसिड भी कहा जाता है। यह हमारे शरीर और सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है।
इक्रीसैट और कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, धारवाड़ द्वारा संयुक्त रूप से विकसित आईसीजीवी 181030 किस्म में लगभग 78 प्रतिशत ओलिक अम्ल होता है और इसने कुछ कृषि-जलवायु क्षेत्रों में मानक किस्मों की तुलना में 12 प्रतिशत तक अधिक उपज दर्ज की है।
जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से विकसित आईसीजीवी 201214 किस्म में 81 प्रतिशत ओलिक अम्ल, 53 प्रतिशत तेल और 27 प्रतिशत प्रोटीन सामग्री होती है। इसने व्यापक रूप से उगाई जाने वाली किस्मों की तुलना में दानों की उपज में 19 प्रतिशत तक की वृद्धि दिखाई है।
उच्च ओलिक मूंगफली को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की क्षमता, बेहतर गुणवत्ता और उच्च पोषण मूल्य के लिए जाना जाता है। इस वजह से यह प्रसंस्करकों और प्रीमियम खाद्य तेल उत्पादों की तलाश करने वाले उपभोक्ताओं के लिए तेजी से आकर्षक बन रही है।
संस्थान ने कहा कि इन नई किस्मों से भारत की घरेलू खाद्य तेल मूल्य श्रृंखला मजबूत होने और राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत राष्ट्रीय प्रयासों को समर्थन मिलने की उम्मीद है। उत्पादकता और तेल की गुणवत्ता में सुधार से कृषि लाभ में वृद्धि होने का अनुमान है, जिससे खाद्य तेल क्षेत्र में आयात निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित