टिहरी (वार्ता) उत्तराखंड पुलिस ने गुरुवार को साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया और बताया कि वर्ष 2025 में टिहरी निवासी पपेंद्र भट्ट को लॉटरी के नाम पर करीब 21 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर साइबर सेल और कोतवाली की टीम ने राजस्थान से दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। अपराधियों ने अपनी पहचान सुनील महावर और पंकज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहे थे। तकनीकी विश्लेषण, सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र के आधार पर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कहा कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश भी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय मे पेश किये जाने की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित