भिवानी , अप्रैल 15 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में 21 अप्रैल को संस्कार युक्त शिक्षा एवं प्राकृतिक खेती विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिक्षकों और पंचायत प्रतिनिधियों को प्राकृतिक खेती तथा मूल्य आधारित शिक्षा के बारे में प्रशिक्षण देंगे।

बोर्ड के प्रवक्ता सुनील शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में शिक्षकों के साथ-साथ आसपास के पंचायत सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होरहा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य जहरमुक्त खेती को बढ़ावा देना और शिक्षा में संस्कारों को शामिल करना है।

उन्होंने बताया कि आज मिलावटी खानपान और रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग के कारण कई बीमारियां बढ़ रही हैं और जमीन की उर्वरता भी घट रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती एक प्रभावी समाधानबनकर उभर रही है।

कार्यक्रम में बोर्ड परिसर में रहने वाले करीब 250 परिवार भी भाग लेंगे। प्रत्येक परिवार को दो गमले दिए जाएंगे, जिनमें वे प्राकृतिक विधि से पौधे लगाएंगे। कुरुक्षेत्र से आई प्रशिक्षण टीम जैविक खाद और मिट्टी के सही मिश्रण जानकारी भी देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित