मैनपुरी , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मैनपुरी के वन चेतना केंद्र और समान पक्षी विहार को इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। वन चेतना केंद्र का विकास पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति से जोड़ते हुए किया जाएगा, जिससे यह पर्यटन के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और एकात्म मानववाद के विचारों का भी केंद्र बनेगा। लोहिया पार्क में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री ने 432.31 लाख रुपये की लागत से लोहिया पार्क, 116.25 लाख रुपये की लागत से बीएसएनएल कार्यालय के सामने स्थित पार्क, 140.06 लाख रुपये की लागत से सती माता मंदिर दौलतपुर तथा 103.07 लाख रुपये की लागत से प्राचीन श्री सिद्धेश्वर महाराज मंदिर टिंडौली के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया। वहीं 139.59 लाख रुपये की लागत से विकसित श्री नारदानंद ऋषि आश्रम परियोजना का लोकार्पण भी किया।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी वीरता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य कर रही है। पर्यटन विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि लोहिया पार्क के सामने स्थित वन चेतना पार्क को इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की परियोजना शासन को भेजी गई है। राज्य स्तरीय टीम स्थल का निरीक्षण कर चुकी है और स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि जहां लोहिया पार्क समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की स्मृतियों को संजोएगा, वहीं वन चेतना केंद्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि मैनपुरी की पहचान बने समान पक्षी विहार के विकास के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। रामसर साइट के रूप में प्रसिद्ध यह पक्षी विहार पर्यावरण और जैव विविधता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके विकास से देश-विदेश के पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों को आकर्षित करने के साथ इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि लोहिया पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त "ऑल एबिलिटी पार्क" के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क में ईपीडीएम फ्लोरिंग, इंटरैक्टिव स्कल्पचर, आधुनिक सैनिटेशन सुविधाएं, आकर्षक लैंडस्केपिंग तथा म्यूजिकल फाउंटेन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही मां शीतला माता मंदिर कॉरिडोर और संकिसा क्षेत्र के विकास की योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, पैक्सफेड अध्यक्ष प्रेम सिंह शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता तथा पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित