लखनऊ , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र की भाजपा सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राजेंद्र पाल गौतम और आराधना मिश्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को लेकर गंभीर आरोप लगाए और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।

राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

कांग्रेस ने ऐलान किया कि वह इन मुद्दों को लेकर प्रदेश में लगातार विरोध प्रदर्शन करेगी और जनता के बीच भी इसे उठाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए इको गार्डन और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित