लखनऊ , मार्च 16 -- लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले अपने मैचों के लिए पहली बार एम-टिकट (मोबाइल टिकट) की सुविधा शुरू की है। टीम प्रबंधन के अनुसार अब दर्शक बुक माई शो पर ऑनलाइन टिकट बुक करते ही उनके मोबाइल नंबर पर एम-टिकट प्राप्त कर सकेंगे, जिसे स्टेडियम के गेट पर स्कैन कराकर सीधे प्रवेश किया जा सकेगा। टीम प्रबंधन ने बताया कि इस व्यवस्था से दर्शकों को किसी ऑफलाइन काउंटर से फिजिकल टिकट लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और प्रवेश प्रक्रिया अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। एम-टिकट ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे, जिससे लोगों को टिकट काउंटर पर लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह कागज रहित टिकट होंगे, जिससे टिकट खोने या सुरक्षित रखने की चिंता भी नहीं रहेगी और इन्हें किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर भी नहीं किया जा सकेगा।

प्रबंधन ने बताया कि इकाना स्टेडियम में एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मैच के लिए टिकट रविवार से लॉन्च कर दिए गए हैं और दर्शक बुक माई शो की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

मैच के दिन दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के सभी गेट पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित