भिवानी , मई 26 -- ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा (सीटू) की अपनी मांगों को लेकर हड़ताल मंगलवार को बारहवें दिन भी जारी रही।

यूनियन की ओर से 24-25 मई को नरवाना में आयोजित महापड़ाव के दौरान हड़ताल को 31 मई तक बढ़ाने का फैसला लिया गया। साथ ही 29 से 31 मई तक प्रदेश के मंत्रियों के आवासों पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया है।

इसी कड़ी में भिवानी, चरखी दादरी और रोहतक के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने 31 मई को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास पर रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

धरने की अध्यक्षता राजेंद्र धनाना ने की, जबकि संचालन गोविंद ने किया। रोष सभा को संबोधित करते हुए सीटू और यूनियन नेताओं ने कहा कि प्रदेश के करीब 10,500 ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 12 दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही।

नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के बीच ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को न तो स्थायी किया जा रहा है और न ही उन्हें न्यूनतम सम्मानजनक वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी पिछले 19 वर्षों से कार्यरत हैं, बावजूद इसके उनकी सेवाओं को नियमित नहीं किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित