रायपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन के माध्यम से क्रेडिट कार्ड की राशि बैंक खाते में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 70 हजार रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, मुजगहन थाना क्षेत्र के डूंडा निवासी अनिल कुल्हाड़िया (42) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 14 जुलाई को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर फिट_सुश_मॉडल नामक अकाउंट से एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में क्रेडिट कार्ड से सीधे बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कराने का दावा किया गया था।

शिकायत के मुताबिक, विज्ञापन पर विश्वास करते हुए उन्होंने क्लिकपेजडॉटइन के माध्यम से 50 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करने वाले लोगों ने 24 घंटे के भीतर पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिया।

बाद में आरोपियों ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए कहा कि पूरी राशि एक साथ ट्रांसफर नहीं की जा सकती। इसके लिए आंशिक भुगतान की प्रक्रिया बताकर उनसे 20 हजार 500 रुपये और जमा करा लिए। इस प्रकार उनसे कुल 70 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई।

काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर अनिल कुल्हाड़िया को ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और मुजगहन थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले आकर्षक ऑफर, आसान ऋण अथवा क्रेडिट कार्ड से कैश ट्रांसफर कराने जैसे विज्ञापनों के झांसे में न आएं। साथ ही ऑनलाइन भुगतान से पहले संबंधित वेबसाइट और संस्था की सत्यता की जांच करें तथा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित