बैतूल , मई 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से नामी कंपनी की फर्जी डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का झांसा देकर एक युवक से एक लाख 28 हजार 560 रुपए की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार थाना चोपना क्षेत्र के ग्राम कोल्हिया निवासी राजेश विश्वास के भाई मुकेश ने 12 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर रिलायंस कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप संबंधी विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में सस्ती डिस्ट्रीब्यूटरशिप और मुफ्त फ्रिज देने का दावा किया गया था।
दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर आरोपियों ने स्वयं को कंपनी का अधिकृत डीलर बताकर युवक को विश्वास में ले लिया। इसके बाद वाहन व्यवस्था, लोडिंग और डिलीवरी सहित विभिन्न मदों के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम जमा कराई गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले वाहन व्यवस्था के नाम पर 10 हजार रुपए जमा करवाए। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक खाते में 36 हजार रुपए और रिफंडेबल पंजीयन शुल्क के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक खाते तथा बारकोड के माध्यम से 25 हजार 500 रुपए जमा कराए गए। बाद में ई-वे बिल और पूर्ण भुगतान के नाम पर भी अतिरिक्त राशि वसूली गई। इस प्रकार पीड़ित से कुल एक लाख 28 हजार 560 रुपए की ठगी कर ली गई।
थाना चोपना पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी विज्ञापनों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने से पहले उसकी आधिकारिक जानकारी की पुष्टि अवश्य करें तथा किसी अनजान खाते या क्यूआर कोड पर राशि हस्तांतरित न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित