नोएडा , फरवरी 24 -- साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस की नोएडा सेक्टर सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंश्योरेंस पॉलिसी मैच्योर कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा मंगलवार को यह जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में प्रयुक्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और लोकल इंटेलीजेंस की मदद से आरोपी को नोएडा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अमन कुमार पुत्र शेषवीर सिंह, निवासी जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दस हजार रुपये नकद तथा तीन बैंक खातों के स्टेटमेंट दो एक्सिस बैंक व एक फेडरल बैंक बरामद किए हैं।
आरोपी लोगों को फोन कर उनकी पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी के मैच्योर होने का झांसा देता था। वह प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी और अन्य चार्ज के नाम पर रकम ट्रांसफर कराने के लिए कहता था। कई लोग उसके झांसे में आकर पैसे भेज देते थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से दो शिकायतें दर्ज हैं। अब तक लगभग दो लाख अट्ठासी हजार रुपये की ठगी की रकम खातों में आने की पुष्टि हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित