बेंगलुरु , जुलाई 23 -- सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी इंफोसिस को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 7,769 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 12.2 प्रतिशत अधिक है।

इंफोसिस के निदेशकमंडल की दो दिन चली बैठक के बाद गुरुवार को वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। कंपनी ने बताया कि अप्रैल-जून 2026 की तिमाही में उसका राजस्व 14 प्रतिशत बढ़कर 48,211 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। परिचालन लाभ में 15.4 प्रतिशत की इजाफा हुआ और यह 10,163 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी की प्रति शेयर आय तिमाही के दौरान 19.19 रुपये रही। यह एक साल पहले की तुलना में 14.9 प्रतिशत अधिक है।

तिमाही के दौरान कर्मचारियों की संख्या में 532 की कमी दर्ज की गयी। यह 31 मार्च 2026 के 3,28,594 से घटकर 30 जून को 3,28,062 रह गयी।

इंफोसिस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि तिमाही में कुल राजस्व में वित्तीय सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 27.9 प्रतिशत रही। विनिर्माण 15.9 प्रतिशत के साथ दूसरे और ऊर्जा, यूटिलिटी, संसाधन एवं सेवा क्षेत्र 13.4 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। राजस्व में खुदरा कारोबार का योगदान 12.8 प्रतिशत और संचार का 12 प्रतिशत दर्ज किया गया।

राजस्व में उत्तरी अमेरिका का योगदान 56.4 प्रतिशत दर्ज किया गया। यूरोप का योगदान 32.1 प्रतिशत रहा। भारतीय कारोबार का योगदान 2.5 प्रतिशत रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित