डेहरी आन सोन , मार्च 27 -- बिहार के रोहतास जिले में रक्षा के क्षेत्र में विकास की संभावना को देखते हुये रक्षा एवं अनुसंधान संगठन (डीआरडीओ) के अधिकारियों के साथ राज्य के मुख्य सचिव अमृत प्रत्यय ने शुक्रवार को इंद्रपुरी बराज एवं सोन बराज के पश्चिम छोर पर सिंचाई विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई 190 एकड़ भूमि का मुआयाना किया।

टीम में मुख्य सचिव श्री अमृत के अलावा राज्य सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, डीआरडीओ के वैज्ञानिक शरद चन्द्रमान यादव एवं बीके सिंह भी मौजूद रहे।

श्री अमृत ने निरीक्षण के दौरान संबंधित स्थल की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचना, जल संसाधनों की स्थिति एवं भूमि की उपयोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से स्थल की वर्तमान स्थिति, संभावित विकास योजनाओं तथा भविष्य में इसके उपयोग को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में जल संसाधन विभाग की उपलब्ध 190 एकड़ जमीन की डीआरडीओ के लिए उपयोगिता बिंदु पर जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विचार किया गया। बैठक में जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के अलावा डीएफओ, बसैप के कमांडेंट,लिपि सिंह,मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग डेहरी अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित