इंदौर , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के इंदौर में आज तड़के हुए एक भीषण हादसे में लगभग आधा दर्जन लोगों की मृत्यु के मामले में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों से घटना की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक समिति बनाने को कहा है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि ये भीषण आग ईवी चार्जिंग प्वाइंट के कारण लगी है। ऐसे समय में जब देश में बहुत से लोग वाहन के लिए ईवी की ओर जा रहे हैं, तब अगर ये हादसा ईवी चार्जिंग प्वाइंट के कारण हुआ है, तो ये अलार्मिंग है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों से घटना की जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाने को कहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक 'स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर' बनाया जा सके। इसकी पूरी जांच कराई जाएगी।
इसी बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ क्या पर्याप्त सुरक्षा मानक और गाइडलाइंस लागू हैं? क्या आम नागरिकों को जरूरी सावधानियों की जानकारी दी जा रही है? इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए और ईवी चार्जिंग से जुड़े सख्त सुरक्षा मानक लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी घटना की जांच की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े सुरक्षा मानक सुनिश्चित किए जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित