भोपाल , अक्टूबर 23 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर इंदौर बायपास के एमआर-10 जंक्शन से राघौगढ़ स्थित नेमावर रोड तक 26.6 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर का निर्माण अंतिम चरण में है। लगभग 1,011 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के शुरू होने से इंदौर से हरदा और बैतूल होते हुए नागपुर की ओर जाने वाले मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

परियोजना में एक प्रमुख पुल, चार छोटे पुल और 19 वाहन अंडरपास का निर्माण शामिल है। इसके अलावा 27 जंक्शनों का सुधार किया जा रहा है, जिससे स्थानीय और लंबी दूरी के यातायात को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। कॉरिडोर के दोनों ओर कुल 26 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड भी बनाई जा रही है, जिससे बेगमखेड़ी, खुड़ेल खुर्द, गोगाखेड़ी और मिर्जापुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

सड़क पर जल निकासी के लिए लगभग 16.4 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज व्यवस्था और अतिरिक्त पुलियों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही हाईवे लाइटिंग, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड और सुरक्षा दीवारों जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि रात के समय दृश्यता बेहतर हो और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिले।

कॉरिडोर शुरू होने से इंदौर से हरदा, बैतूल और नागपुर की दिशा में जाने वाले वाहनों को अतिरिक्त मार्ग विकल्प मिलने की संभावना है। इससे माल परिवहन सुगम होने के साथ यात्रा समय और वाहनों की परिचालन लागत में संभावित कमी आ सकती है। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्रीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित