इंदौर , जनवरी 31 -- मालवा रोज सोसायटी द्वारा आयोजित प्रसिद्ध गुलाब प्रदर्शनी का 38वां भव्य आयोजन शनिवार से गांधी हॉल परिसर में शुरू हो गया। यह प्रदर्शनी 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी गुलाब प्रेमियों के लिए यह आयोजन खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्रदर्शनी में इंदौर सहित देशभर से गुलाब की करीब 3000 से अधिक किस्में प्रदर्शित की गई हैं। इनमें हाइब्रिड टी, फ्लोरीबंडा, ग्रैंडिफ्लोरा और बोंजाई गुलाब की दुर्लभ प्रजातियां लोगों को खासा आकर्षित कर रही हैं। गुलाबी, लाल, पीले और मल्टी-कलर गुलाबों की मनमोहक सुगंध से पूरा गांधी हॉल परिसर महक उठा है।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल फूलों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि गुलाब की खेती, उनके रखरखाव और आधुनिक तकनीकों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना भी है। प्रदर्शनी स्थल पर विशेषज्ञों द्वारा गुलाब के पौधों की देखभाल, नई किस्मों के विकास और बागवानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी जा रही है। साथ ही आगंतुक अपनी पसंद के गुलाब के पौधे खरीद भी रहे हैं, जिसके चलते पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे।
मालवा रोज सोसायटी पिछले 38 वर्षों से इस वार्षिक आयोजन के माध्यम से शहर में बागवानी और फूलों के प्रति रुचि को बढ़ावा दे रही है। इस वर्ष की गुलाब प्रदर्शनी भी रंगों और खुशबू से भरपूर माहौल के साथ शहरवासियों के लिए यादगार अनुभव बन रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित