भोपाल , जुलाई 26 -- लघु उद्योग भारती, मध्यप्रदेश द्वारा सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी तीन अक्टूबर को इंदौर में 'उद्यम समागम 2026' आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से लगभग तीन हजार उद्योगपतियों के शामिल होने की संभावना है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 'उद्यम समागम 2026' की तैयारियों को लेकर आज रविवार को भोपाल स्थित लघु उद्योग भारती के प्रदेश कार्यालय 'उद्यम सेतु' में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। प्रदेश महामंत्री अरुण सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 03 अक्टूबर 2026 को इंदौर में 'उद्यम समागम 2026' आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में देशभर से करीब तीन हजार उद्योगपति भाग लेंगे। अरुण सोनी ने बताया कि यह उद्योग समागम व्यापार विस्तार, नवाचार और नेटवर्किंग के लिए साझा मंच उपलब्ध कराएगा। इसमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के उद्यमी भाग लेंगे।
बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश प्रभारी ताराचंद गोयल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अतीत अग्रवाल तथा प्रदेश के विभिन्न अंचलों के अध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित