इंदौर , जून 29 -- िंदी फिल्म 'तेरा मेरा नाता' का ग्रैंड प्रीमियर रविवार की शाम इंदौर के सी-21 मॉल स्थित पीवीआर सिनेमाज में आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म के मुख्य कलाकार सूरज और अंबिका वाणी, निर्माता- निर्देशक चंदा पटेल सहित पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही।

फिल्म के ट्रेलर के अनुसार इसकी कहानी गौरव नामक एक नेत्रहीन युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी फुटबॉल का स्टेट चैंपियन था। दृष्टि खोने के बावजूद वह संगीत के प्रति अपने जुनून को बनाए रखता है। उसकी मुलाकात दिल्ली की मिशा से होती है, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम पनपता है। कहानी में सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों के बीच उनके रिश्ते की परीक्षा दिखाई गई है।

प्रीमियर के दौरान अभिनेता सूरज ने कहा कि गौरव का किरदार उनके दिल के बेहद करीब है और इस भूमिका को निभाना उनके लिए भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। वहीं अभिनेत्री अंबिका वाणी ने कहा कि यह केवल प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों, विश्वास और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित फिल्म है, जिससे दर्शक खुद को जोड़ पाएंगे।

निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल ने कहा कि पूरी टीम ने एक ऐसी पारिवारिक और भावनात्मक फिल्म बनाने का प्रयास किया है, जिसे सभी आयु वर्ग के दर्शक एक साथ देख सकें। उन्होंने बताया कि फिल्म में वरिष्ठ अभिनेत्री दीपिका चिखलिया और अभिनेता पंकज बेरी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

प्रीमियर के बाद फिल्म को उपस्थित दर्शकों, मीडिया प्रतिनिधियों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। मेकर्स के अनुसार फिल्म जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित