इंदौर/भोपाल , मई 03 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ तैयारियों की समीक्षा के बाद घोषणा की कि भारत की अध्यक्षता में 9 से 13 जून 2026 तक इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन न केवल वैश्विक खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर नई दिशा देगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कृषि क्षमता और मालवा की मेहमाननवाज़ी का सशक्त प्रदर्शन भी करेगा।

यह महत्वपूर्ण आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को मिली ब्रिक्स की अध्यक्षता के तहत किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने बताया कि 9 से 11 जून तक कृषि कार्य समूह की बैठक होगी, जिसके बाद 12 और 13 जून को 11 सदस्य देशों के कृषि मंत्री वैश्विक कृषि चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। वर्तमान में ब्रिक्स में भारत, ब्राज़ील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका सहित मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, यूएई और सऊदी अरब जैसे देश शामिल हैं, जो दुनिया के 45 प्रतिशत अनाज उत्पादन का प्रतिनिधित्व करते हैं।

सम्मेलन के दौरान वैश्विक खाद्य सुरक्षा और पोषण सुनिश्चित करने, कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग जैसी डिजिटल तकनीकों के उपयोग तथा बढ़ते तापमान व अनियमित वर्षा से निपटने के लिए जलवायु स्मार्ट कृषि प्रणालियों पर गंभीर मंथन किया जाएगा। साथ ही, सदस्य देशों के बीच कृषि व्यापार को सरल बनाने, अनुसंधान, नवाचार और ज्ञान की साझेदारी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी ताकि किसानों के लिए नई संभावनाएं पैदा की जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित