इंदौर (मध्य प्रदेश) , मई 28 -- इंदौर पिंक पैंथर्स ने आगामी मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। टीम में स्टार ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को शामिल किया गया है, जिनकी मौजूदा आईपीएल फॉर्म को देखकर पैंथर्स की स्थिति बहुत मजबूत नजर आ रही है।

मोइरा ग्रुप के स्वामित्व वाली इंदौर पिंक पैंथर्स के डायरेक्टर संदीप जैन ने टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि, "हमने ऐसी टीम तैयार की है जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन है। टीम में काफी ऊर्जा और आत्मविश्वास है और हम इस सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।" उन्होंने लीग के बारे में बोलते हुए कहा, "एमपीएल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच बनकर उभरा है। इस टूर्नामेंट ने मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से नई प्रतिभाओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाई है।"मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप का नया सीजन 3 जून से शुरू होगा, जहां पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में ग्वालियर चीताज का सामना उज्जैन फाल्कन्स से होगा, जबकि इंदौर पिंक पैंथर्स अपने अभियान की शुरुआत 4 जून को भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में दिन के शाम वाले मैच के रूप में खेला जाएगा।

एमपीएल 2026 अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें 10 पुरुष और पांच महिला फ्रेंचाइजियां हिस्सा लेंगी।

इस बार पुरुष वर्ग में तीन नई फ्रेंचाइजियों, मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स को जोड़ा गया है, तो महिला वर्ग में भी ग्वालियर शेरनिस और रॉयल निमाड़ जैसी दो नई टीमें नजर आएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित