भोपाल , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश में हवाई सेवाओं का विस्तार अभूतपूर्व गति से हो रहा है और अब समाज के हर वर्ग के लिए हवाई यात्रा संभव हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज इंदौर स्थित लोकमाता अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विमानन क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है, जिससे आम नागरिक भी हवाई यात्रा करने में सक्षम हुआ है।
उन्होंने कहा कि इंदौर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए टर्मिनल के निर्माण से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि शहर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मजबूत होगी। इंदौर एयरपोर्ट को अमेरिकी क्वालिटी काउंसिल द्वारा गुणवत्ता प्रमाणपत्र मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस टर्मिनल में 14 चेक-इन काउंटर, लगभग 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और प्रति घंटे करीब 400 यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित की गई है। लगभग 6 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता 15 लाख है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 'उड़ान यात्री कैफे' की भी शुरुआत की जा रही है, जहां सस्ती दरों पर चाय और नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पार्किंग, वीआईपी रूम और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में हवाई सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार हर 150 किलोमीटर पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट, हर 75 किलोमीटर पर एयरस्ट्रिप और हर 45 किलोमीटर पर हेलीपैड विकसित करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, 20 हवाई पट्टियां और 220 हेलीपैड्स संचालित हैं, जबकि रीवा, सतना और दतिया में नए एयरपोर्ट शुरू किए गए हैं और उज्जैन व शिवपुरी में भी नए एयरपोर्ट की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने वर्चुअल रूप से भाग लिया। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित