नयी दिल्ली , अप्रैल 03 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईएनजीसीए) में शुक्रवार को 'अयोध्या पर्व 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ।

तीन दिवसीय आयोजन का उद्घाटन मणिरामदास छावनी, अयोध्या के महंत कमल नयन दास ने किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस मौके पर महंत कमल नयन दास ने कहा कि भगवान राम के आदर्शों का प्रसार ही इस पर्व का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा राम के आदर्शों से ही संभव है और समाज में समरसता के लिए इन मूल्यों को अपनाना आवश्यक है।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अयोध्या को भारतीय सभ्यता का उद्गम स्थल बताते हुए कहा कि यह केवल एक ऐतिहासिक नगर नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना और सभ्यतागत निरंतरता का केंद्र है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने राम मंदिर निर्माण को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भारतीय संस्कृति के संरक्षण में ऐसे आयोजनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अयोध्या पर्व को राजस्थान में भी आयोजित करने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम के दौरान 'रामोत्सव' फोटो प्रदर्शनी, 'बड़ी है अयोध्या' प्रदर्शनी और पंडित रामकिंकर उपाध्याय से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। साथ ही अयोध्या पर्व की स्मारिका और रामोत्सव पर आधारित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया गया।

आईजीएनसीए के अध्यक्ष पद्म भूषण रामबहादुर राय ने कहा कि धर्म स्थलों के नवीनीकरण में संतों की आशंका का समाधान होना चाहिए। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उदाहरण दिया, जब आपातकाल और उसके पहले भी तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी यह काम नहीं करा सकीं। इसे 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्य रूप दिया। श्री राय ने कहा कि अयोध्या धाम के विकास में भी काशी से प्रेरणा लेनी चाहिए।

इससे पहले 'भविष्य की अयोध्या-नगर योजना' विषय पर एक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें अयोध्या के समग्र विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम का समापन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें गीत रामायण की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित