नई दिल्ली रांची , अक्टूबर 31 -- नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आज भारत की पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ सतीश पॉल मुंजनी, गजेंद्र सिंह एवं शांतनु मिश्रा उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्य्क्ष श्री कमलेश ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय एवं अविस्मरणीय है। स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ नेतृत्व, साहसिक निर्णय और देश की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उनका जीवन देश की सेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित