बंजारमासिन (इंडोनेशिया) , सितंबर 13 -- इंडोनेशिया में खराब मौसम के कारण जावा सागर में एक यात्री नौका डूबने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि 107 लोगों को बचा लिया गया और 130 लोग अब भी लापता हैं।
देश की खोज एवं बचाव एजेंसी ने रविवार को यह जानकारी दी।
'विर्गो ट्रांसपोर्ट 8' नाम की यह नौका 213 यात्रियों और 30 चालक दल के सदस्यों समेत कुल 243 लोगों को लेकर पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन जा रही थी। रविवार तड़के अधिकारियों का इससे संपर्क टूट गया।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार स्थानीय समयानुसार करीब दो बजे (शनिवार 18:00 जीएमटी) नौका बंजारमासिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण में थी।
नौका संचालक पीटी विर्गो ने सुबह 4:10 बजे संकट की पहली सूचना दी। समुद्री निगरानी आंकड़ों के अनुसार, जहाज शनिवार सुबह 10:33 बजे सुराबाया से रवाना हुआ था और रविवार दोपहर दो बजे बंजारमासिन पहुंचने वाला था।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (बासरनास), नौसेना, समुद्री पुलिस और अन्य एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया है। अभियान में जहाज और एक हेलीकॉप्टर लगाया गया है तथा करीब 280 कर्मी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
बचाव अभियान के समन्वय के लिए रविवार सुबह बंजारमासिन के त्रिसक्ति बंदरगाह पर एक अभियान केंद्र स्थापित किया गया।
'द जकार्ता पोस्ट' के अनुसार, बंजारमासिन समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण के प्रमुख हेरी पुरवांतो ने कहा कि जहाज यात्रियों और वाहनों को लेकर जा रहा था। संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित