जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा है कि इंडिया स्टोन मार्ट के आयोजन से राजस्थान के पत्थर उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश के कारीगरों को देश-विदेश में इस क्षेत्र की नवीनतम तकनीक की जानकारी मिल सकेगी।

कर्नल राठौड़ शुक्रवार को यहां इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पांच से आठ फरवरी को जयपुर में आयेाजित इस आयोजन में शामिल होने वाले देश-विदेश के प्रतिभागियों के स्वागत के लिए राजस्थान पूरी तरह तैयार है। पत्थर उद्योग क्षेत्र से जुडे सभी हितधारकों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2000 में शुरू हुए इंडिया स्टोन मार्ट का इस वर्ष 13वां संस्करण है। यह अब तक का सबसे भव्य आयोजन होगा, जिसमें चीन, तुर्की, ईरान, थाइलैंड, इटली और अन्य देशों से प्रदर्शक भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इंडिया स्टोन मार्ट का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे, जबकि इस अवसर पर आयोजित जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल का उद्घाटन केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे, जबकि राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे स्टोनमार्ट के समापन पर मुख्य अतिथि होंगे।

कर्नल राठौड़ ने बताया कि इस बार इंडिया स्टोनमार्ट 2026 अपने इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होने जा रहा है। आयोजन लगभग 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जा रहा है, जिसमें 539 स्टॉल्स लगाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहली बार चीन, तुर्की, ईरान, थाईलैंड, इटली, स्पेन, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका जैसे आठ देशों से प्रदर्शक इंडिया स्टोनमार्ट में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन में राजस्थान में एक जिला एक उत्पाद के तहत चयनित पत्थर के उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक विशेष पवेलियन बनाया जाएगा। इससे प्रदेश के इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इससे इन उत्पादों के निर्यात में वृद्धि होगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को स्पष्ट नेतृत्व और नीति से नई दिशा मिला है। पिछले दो साल में निवेश प्रोत्साहन के लिए नयी नीतियां और योजनाएं लागू की गयी हैं। राज्य सरकार के इन प्रयासों के कारण राजस्थान एक बेहतरीन निवेश गंतव्य बन गया है। राइजिंग राजस्थान के तहत किये गये 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पर काम शुरू हो गया है।

उल्लेखनीय है कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन पांचसे आठ फरवरी तक जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर, सीतापुरा में किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा जी, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक, रूडा की मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा अरोड़ा, सीडोस के सीईओ मुकुल रस्तोगी, सीडोस के चेयरमैन दीपक अजमेरा, लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित