नयी दिल्ली , मार्च 02 -- विपक्षी दलों के युवा संगठनों के अखिल भारतीय संगठन 'इंडियन यूथ फ्रंट' ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब तथा अन्य कार्यकर्ताओं की भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन के आरोप में की गई गिरफ्तारी को मोदी सरकार की तानाशाही बताया और कहा कि फ्रंट इसके खिलाफ मिलकर देशभर में आंदोलन करेगा।

फ्रंट से जुड़े विभिन्न दलों के युवा शाखा के नेताओं ने सोमवार को यहां युवा कांग्रेस कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह गिरफ्तारी अघोषित आपातकाल और मोदी सरकार की तानाशाही का प्रमाण है। इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विपक्षी दलों के युवा संगठन एकजुट होकर देशभर में इसके विरोध में प्रदर्शन कर सरकार की हकीकत को जनता लाएंगे।

युवा कांग्रेस की सुरभि द्विवेदी ने बताया कि प्रदर्शन करने वाले नौ प्रदर्शनकारियों को पटियाला हाउस कोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्होंने न्यायालय के आदेश पर खुशी जताई और बताया कि न्यायालय ने प्रदर्शन को युवाओं का लोकतांत्रिक अधिकार बताया है। उनका कहना था कि यह जमानत मोदी सरकार के तानाशाही चेहरे पर तमाचा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब देश से माफी मांगनी चाहिए।

आम आदमी पार्टी के युवा शाखा के अनुराग निगम ने कहा कि सरकार सिर्फ मनमानी करना चाहती है और अपनी मनमानी के खिलाफ किसी भी तरह का प्रदर्शन नहीं चाहती है। उनका कहना था कि यह प्रदर्शन देश के युवाओं का था और सरकार को पता नहीं था कि आंदोलन को जितना दबाया जाएगा वह उतना ही भड़केगा। उन्होंने कहा कि फ्रंट के युवा कार्यकर्ता पूरे देश में एकसाथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और पूरी ताकत के साथ उसकी तानाशाही की पोल खोलेंगे।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( शरद पवार) के हरीश ने कहा कि सरकार की मनमानी के खिलाफ उनका संगठन पूरी ताकत के साथ युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की रिहाई और सरकारी की असलियत सामने लाने के लिए लड़ेगा। उनका कहना था कि युवा मोर्चा के लोग गांव गांव जाकर बताएंगे कि किस तरह से सरकार ने अमेरिका के साथ समझौता कर किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाया है और जब इसका विरोध किया गया था तो युवा कांग्रेस के युवाओं को गिरफ्तार किया गया।

आम आदमी पार्टी के अनुराग निगम ने मोदी सरकार की कार्रवाई को अघोषित आपातकाल करार दिया और कहा कि सरकार प्रदर्शन नहीं चाहती है।

मुस्लिम यूथ लीग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ ने युवाओं की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि युवाओं का प्रदर्शन गलत नहीं था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित