लखनऊ , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण एवं संबद्ध क्षेत्रों को बढ़ावा देने, एमएसएमई उद्यमों को नए बाजारों से जोड़ने तथा आधुनिक तकनीक, निवेश और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) द्वारा इंडिया फूड एक्सपो-2026 का 11वां संस्करण 18 से 20 सितंबर तक लखनऊ के गोमतीनगर में आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय एक्सपो में एमएसएमई क्षेत्र के लिए करीब 750 से 1,000 करोड़ रुपये तक के संभावित व्यावसायिक अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसमें खाद्य प्रसंस्करण एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े उद्योग, व्यापार, तकनीक, निवेश और उद्यमिता को एक मंच पर लाया जाएगा।
एक्सपो में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के उद्यमियों एवं संस्थानों की भागीदारी प्रस्तावित है। इससे अंतरराज्यीय व्यापार, तकनीकी सहयोग, निवेश और बाजार विस्तार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है।
आयोजन के दौरान खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़ी सरकारी नीतियों, सब्सिडी, प्रोत्साहन, वित्तीय सुविधाओं, तकनीकी समाधानों और बाजार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। सेमिनार और तकनीकी सत्रों में गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, निर्यात, वैल्यू एडिशन, आधुनिक उत्पादन प्रणाली तथा व्यवसाय विस्तार जैसे विषयों पर चर्चा होगी। फ्रेंचाइजी, नए व्यवसाय मॉडल, स्थानीय उत्पादों के ब्रांड निर्माण तथा ओडीओपी एवं ओडीओसी से जुड़ी संभावनाओं पर भी जानकारी दी जाएगी।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं से एक्सपो में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन नई तकनीकों, बाजार के अवसरों, सरकारी सहयोग और व्यवसाय स्थापित करने की संभावनाओं को समझने का मंच है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जोड़ना आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
आईआईए के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने आयोजन में सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश सरकार, इन्वेस्ट यूपी, एमएसएमई विभाग, यूपीसीडा, खाद्य प्रसंस्करण विभाग और अन्य सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक्सपो से एमएसएमई क्षेत्र को व्यापार, तकनीक, निवेश और विकास के नए अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की अपेक्षा है। इसके अलावा अन्य मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। एक्सपो में भारतीय स्टेट बैंक बैंकिंग पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है। इसके अलावा सिडबी, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य संस्थानों की भी भागीदारी है।
आईआईए के अनुसार एक्सपो का आयोजन आईआईए द्वारा किया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार का खाद्य प्रसंस्करण विभाग सह-आयोजक है। यूपीसीडा प्लेटिनम प्रायोजक है तथा उत्तर प्रदेश सरकार, इन्वेस्ट यूपी, एमएसएमई विभाग और ओडीओसी का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों ने देशभर के एमएसएमई उद्यमियों, खाद्य प्रसंस्करण एवं संबद्ध उद्योगों से जुड़े व्यवसायियों, निवेशकों, युवाओं और महिलाओं से 18 से 20 सितंबर तक आयोजित एक्सपो में भाग लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित