यमुनानगर , अक्टूबर 08 -- इंडिया गठबंधन के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और काली पट्टियां बांधकर काला दिवस मनाया।

कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी जमींदारा पेट्रोल पंप से पैदल मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय के सामने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को तार-तार करने का काम कर रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और एसआईआर की आड़ में करोड़ों वाजिब मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 'वोट चोर गद्दी छोड़' मुहिम से देश की जनता जुड़ गई है।

कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर और शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा डकैती डालकर जनता के वोट के अधिकार को लूट रही है। देश में अघोषित आपातकाल है और राजनीतिक विरोधियों पर जांच एजेंसियों के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन देश की लड़ाई डटकर लड़ेगा।नरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा लोगों के मन से उतर चुकी है और जनता इस तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। देवेंद्र सिंह ने कहा कि दमनकारी सरकार ने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी पर ज्यादती कर अपना असली रूप दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा की कठपुतली बने हुए हैं और राष्ट्रपति को उन्हें बर्खास्त कर लोकतंत्र को बचाना चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रमन त्यागी, पूर्व प्रधान राजकुमार त्यागी, पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर बतरा, प्यारे लाल, हरभजन सिंह, नरेश कंबोज, निर्मला चौहान सहित कई नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा अंग्रेजी हुकूमत की तर्ज पर काम कर रही है।

प्रदर्शन में नसीब जाखड़, मिथलेश चौधरी, रवींद्र बबलू, मोहन गुर्जर, मनोज जयरामपुर, दीप्ति शर्मा, सुमित पाल सिंह, अमित प्रधान, लक्ष्मण विनायक, मेम सिंह दहिया, गुलजार प्रधान, परमजीत धीमान, सतीश तेजली, राजेश शर्मा, हार्दिक सखूजा, नरबैल सिंह, जयचंद कश्यप, मोनिका डूमरा, शालू मल्होत्रा, भूपेंद्र गुर्जर, नरसिंह पाल, संजीव वालिया, प्रवीण राणा, गुरदीप सिंह, अख्तर अली, मनोज त्यागी, मुकेश पाल, मुकेश स्वामी, बलदेव श्योराण, देवेंद्र दादूपुर, विनय कंबोज, महेंद्र गुर्जर, प्रदीप काका सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित