नयी दिल्ली , अक्टूबर 08 -- इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का समय मांगा है और शुक्रवार को मुलाकात का समय मिलने की उम्मीद है।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से कहा कि गठबंधन ने दो अक्टूबर को पहली बार राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नाम देने को कहा गया तो पांच अक्टूबर को पत्र भेजकर सात, आठ या नौ अक्टूबर में से किसी दिन मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया गया है।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि अब तक इस संबंध में कोई जवाब राष्ट्रपति भवन से नहीं मिला है। उनका कहना था कि गठबंधन के नेता शुक्रवार तक समय मिलने का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता राष्ट्रपति के समक्ष एसआईआर, मतदाता सूचियों और निर्वाचन आयोग के कामकाज से जुड़े अपने मुद्दे रखना चाहते हैं।

इंडिया गठबंधन ने 30 सितंबर को हुई बैठक में इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात करने का निर्णय लिया था। गठबंधन की ओर से चुनाव आयोग के कामकाज और एसआईआर को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित