नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- इंडिया गठबंधन की एक नवंबर को यहां रामलीला मैदान में होने वाली रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गुरुवार को विपक्षी दलों के नेताओं की अहम बैठक हुई।

बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'जनता की अदालत में महाभियोग' कार्यक्रम की तैयारियों और इसकी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गयी। बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद गौरव गोगोई, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माँझी, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ'ब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, माकपा के जॉन ब्रिटास और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और मणिकम टैगोर सहित इंडिया गठबंधन के अन्य नेता मौजूद रहे।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके बाद इंडिया गठबंधन के घटक दलों की ओर से एक-एक प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आरोपपत्र भी प्रस्तुत किया जायेगा। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी अंत में संबोधित करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक इस कार्यक्रम में नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से प्रभावित लोगों को भी शामिल किये जाने की संभावना है। विपक्षी दल इसे संसद की कार्यवाही की नकल के बजाय सार्वजनिक मंच पर मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज के खिलाफ जवाबदेही तय करने की पहल के रूप में पेश करना चाहते हैं। बैठक के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के सार्वजनिक महाभियोग की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारियां अच्छी तरह चल रही हैं। इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं ने इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित