महासमुंद , अप्रैल 26 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद पुलिस ने आईपीएल मैचों पर संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने रायपुर और बेमेतरा से मुख्य मास्टरमाइंड एडमिन सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न ऑनलाइन पैनलों के माध्यम से सट्टा चला रहे थे। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को जोड़कर आईपीएल मैचों पर दांव लगवाते थे। गिरोह अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए लगातार स्थान बदलकर संचालन कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और 22 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही 1 करोड़ 15 लाख रुपये के ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड भी बरामद किया गया है। जब्त कुल संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित