रायपुर , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी को इंडियन पावर स्टेशन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (ओएंडएम) कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। राजधानी रायपुर में एनटीपीसी द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में बिजली क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को सम्मानित किया गया।

दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनरेशन कंपनी के अंतर्गत संचालित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत केंद्र (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व को वर्ष 2024-25 के लिए ''सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला विद्युत केंद्र सम्मान'' से नवाजा गया। यह पुरस्कार कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने ग्रहण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह सम्मान केंद्र के उत्कृष्ट विद्युत उत्पादन, उच्च कार्यकुशलता और विश्वसनीय संचालन का प्रतीक माना गया। सम्मेलन में विद्युत उत्पादन की गुणवत्ता, आपूर्ति की विश्वसनीयता, तापीय विद्युत केंद्रों की दक्षता तथा भविष्य में अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा संचयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में देशभर के विद्युत उत्पादन संगठनों के प्रतिनिधि और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल हुए। विशेषज्ञों ने बदलते ऊर्जा परिदृश्य में आधुनिक तकनीक और प्रभावी प्रबंधन प्रणाली अपनाने पर बल दिया।

इस उपलब्धि को न केवल जनरेशन कंपनी, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरवपूर्ण बताया गया। उपस्थित अतिथियों ने केंद्र की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे राज्य के विद्युत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और समर्पण का परिणाम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित