भोपाल , अप्रैल 04 -- इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-1 में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 1 रजत सहित कुल 4 पदक अपने नाम किए। बेंगलुरु में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में राज्य का गौरव बढ़ाया।
जेवलिन थ्रो में अंडर-20 बालक वर्ग में कृष्णा चंद्र ने 70.68 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-20 बालिका वर्ग में शिवानी पटेल ने 43.76 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया।
शॉटपुट स्पर्धा में समरदीप सिंह गिल ने पुरुष वर्ग में 19.74 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, वहीं वादिक तिवारी ने अंडर-20 बालक वर्ग में 16.70 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत और खेल अकादमियों में मिल रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित