नयी दिल्ली , दिसंबर 04 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान और बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के बाद गुरुवार को डीजीसीए ने एयरलाइंस को चालक दल के सदस्यों की जल्द भर्ती करने और मौजूदा क्रू के प्रबंधन में सुधार की हिदायत दी है।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के महानिदेशक फैज किदवई की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंडिगो ने बताया है कि वह 08 दिसंबर से अपनी उड़ानों की संख्या में कटौती करेगी। उसने परिचालन सामान्य करने के लिए रोस्टरिंग और क्रू के आराम संबंधी नये नियमों में रियायत की मांग की है और आश्वासन दिया है कि 10 फरवरी तक परिचालन सामान्य हो जायेगा।

इस बीच नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) से सभी हवाई अड्डों पर यात्रियों को कम से कम परेशानी सुनिश्चित करने के लिए कहा है। साथ ही, डीजीसीए को निर्देश दिया है कि वह इस बात पर कड़ी निगरानी रखे कि इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से किराये में बेतहाशा वृद्धि न हो।

उल्लेखनीय है कि 01 नवंबर से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन के दूसरे चरण के नियम लागू होने के बाद से इंडिगों की उड़ानों में देरी होनी और उड़ानें रद्द होनी शुरू हुईं। इन नियमों में नाइड ड्यूटी की परिभाषा बदलकर रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक कर दी गयी है। चालक दल के सदस्यों के लिए सप्ताह में कम से कम 48 घंटे का आराम अनिवार्य किया गया है।

नवंबर में 1,232 उड़ानें रद्द होने के बाद कंपनी पर दबाव बढ़ा। उसने डीजीसीए से अनुमति लेकर परिचालन को सामान्य बनाने के लिए विशेष उपाय की अनुमति मांगी। इसी के तहत बुधवार शाम से काफी उड़ानें रद्द की गयी हैं। सूत्रों के अनुसार, अकेले गुरुवार को करीब 400 उड़ानें रद्द की गयी हैं। शुक्रवार शाम तक यही स्थिति बनी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित