नयी दिल्ली , दिसंबर 06 -- पायलटों की कमी और परिचालन संबंधी समस्या का सामना कर रही निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने शनिवार को 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन किया।
इंडिगो की रद्द उड़ानों की खबरों और परेशान यात्रियों की तस्वीरों के बीच एयरलाइंस ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने शुक्रवार को 700 से अधिक उड़ानों का परिचालन किया था, और शनिवार को आधी रात तक यह संख्या 1,500 से अधिक हो जायेगी।
उल्लेखनीय है कि रोजाना 2,300 से अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली इंडिगो की शुक्रवार को एक हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द रही थीं। एयरलाइंस ने कहा है कि आज रद्द उड़ानों की संख्या घटकर 850 से कम रह गयीं।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि शनिवार को इंडिगो ने अपने नेटवर्क में शामिल 138 में से 135 शहरों के लिए उड़ानें भरीं।
उल्लेखनीय है कि गत 01 नवंबर को फ्लाइट ड्यूटी संबंधी नये नियम लागू होने के बाद पायलट की कमी के कारण उत्पन्न यह संकट दिसंबर आते-आते काफी गहरा गया। एयरलाइंस ने उड़ानों में लगातार बढ़ती देरी के बाद सैकड़ों की संख्या में उड़ानें रद्द करने का फैसला किया।
इंडिगो ने बताया है कि वह 10-15 दिसंबर के बीच परिचालन सामान्य होने की उम्मीद कर रही है।
सरकार ने पूरे मामले की जांच के लिए डीजीसीए के एक संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति इंडिगो संकट के कारणों की जांच करेगी और भविष्य ऐसी स्थिति से बचने के उपाय सुझायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित