नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने गुरुवार को मुंबई और गुजरात के जामनगर के बीच सीधी उड़ान शुरू की।

इसके साथ ही देश की आर्थिक राजधानी से गुजरात के छह शहरों के लिए अब इंडिगो की सेवा उपलब्ध हो गयी है। अहमदाबाद, बड़ौदा, सूरत, राजकोट और भावनगर को वह पहले से मुंबई से जोड़ रही है। कंपनी इस मार्ग पर ए320 विमान का परिचालन कर रही है।

एयरलाइंस की आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वह गुजरात में बढ़ती यात्रा मांग को समर्थन देती रही है, जो राज्य के मजबूत औद्योगिक आधार, व्यापारिक संबंधों और वैश्विक प्रवासी समुदाय के कारण बढ़ रही है। एयरलाइन राज्य से प्रति सप्ताह 700 से अधिक उड़ानें संचालित करती है, जो 30 से अधिक घरेलू गंतव्यों के लिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करती हैं। साथ ही सिंगापुर, बैंकॉक, नैरोबी, शंघाई, लंदन सहित 40 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय शहरों के लिए सुविधाजनक वन-स्टॉप कनेक्शन भी उपलब्ध कराती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित