नयी दिल्ली , मार्च 16 -- प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने दिसंबर के पहले सप्ताह में परिचालन में बड़े पैमाने पर व्यवधान के बाद 246 नये पायलटों की भर्ती की है और प्रभावित यात्रियों को हर्जाने के अलावा 163.92 करोड़ रुपये के यात्रा कूपन बांटे हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने सोमवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान दिसंबर की घटना के लिए पूरी तरह एयरलाइंस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार सभी उपाय कर रही है।
उन्होंने कहा, "विमान सेवा कंपनी को अपने आंतरिक परिचालन की समीक्षा करनी चाहिये थी और यह जानना चाहिये था कि यदि एफडीटीएल (का नया नियम) आ रहा है तो हमें कितने और पायलटों की जरूरत होगी। हम (नये नियमों को) लागू करने से पहले उनके साथ लगभग रोजाना बात कर रहे थे।"एक पूरक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने सदन को बताया कि इंडिगो ने दिसंबर की घटना के बाद 246 नये पायलट भर्ती किये हैं। इसके अलावा सरकार ने उसकी उड़ानों की संख्या में भी 10 प्रतिशत की कटौती की है।
मंत्री ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में हुए व्यवधान से 3.64 लाख यात्री प्रभावित हुए थे। एयरलाइंस ने अबतक 43.81 करोड़ रुपये का हर्जाना दिया है। इसके अलावा उसने अपनी तरफ से प्रभावित यात्रियों को 10-10 हजार रुपये के यात्रा कूपन जारी करने की भी घोषणा की है। इस मद में अब तक 163.92 करोड़ रुपये के कूपन दिये गये हैं।
उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि इस तरह की घटना दोबारा न हो इसके लिए इसके लिए सभी उपाय किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित