नयी दिल्ली , मार्च 27 -- देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो 29 मार्च से दिल्ली और कोलंबो के बीच नयी उड़ान शुरू करेगी।

एयरलाइंस ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह उड़ान शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इस मार्ग पर वह ए320 विमानों का परिचालन करेगी।

दिल्ली से कोलंबो की उड़ान शाम 6.40 बजे रवाना होगी। वापसी की उड़ान कोलंबो से स्थानीय समय के अनुसार रात 11.20 बजे चलेगी और भारतीय समय के अनुसार आधी रात के बाद 2.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्ते काफी गहरे हैं। दोनों देशों की राजधानियों के बीच इस सीधे उड़ान से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रिश्ते और मजबूत होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित