नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- देश की प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो की ब्रिटेन की राजधानी लंदन से दिल्ली आ रही उड़ान को विमान में तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद विमान को आपात स्थिति में लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने जारी बयान में बताया कि उड़ान संख्या 6ई 04 लंदन से दिल्ली आ रही थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलट को विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। पायलट ने विमान को तुरंत वापस मोड़ने का फैसला किया।
सूत्रों के मुताबिक, यह बोइंग कंपनी का 787-9 ड्रीमलाइनर विमान था। विमान ने स्थानीय समय के अनुसार, मंगलवार शाम साढ़े आठ बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के दो बजे) के आसपास उड़ान भरी थी। विमान जब इंग्लिश चैनल के ऊपर था तभी विमान में धुआं देखा गया। इसके बाद, आपात स्थिति को घोषणा करते हुए विमान को वापस लंदन ले जाया गया।
हीथ्रो हवाई अड्डे की वेबसाइट पर उड़ान की स्थिति में इसे "रद्द" बताया जा रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, आपात स्थिति की पूरी तैनाती के बीच विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि अभी तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है। सुरक्षा संबंधी सभी मंजूरियां मिलने के बाद विमान फिर उड़ान भर सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित