वाराणसी , सितंबर 22 -- राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय चौकाघाट में इंटर्न डॉक्टरों ने मंगलवार को आयुष मंत्री (राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के समक्ष हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की।
इंटर्न डॉक्टरों ने श्री मिश्र से कहा कि उनकी मांगों को लेकर लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें 7,500 रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसे एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के समान किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वे भी चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत हैं और ओपीडी तथा वार्ड में मरीजों की सेवा के साथ नाइट ड्यूटी समेत 24 घंटे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। इसके बावजूद स्टाइपेंड के मामले में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार से उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित