पटना , मई 15 -- बिहार के शिक्षा मंत्री ने मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जो बच्चे मैट्रिक एवं इंटरमीडियट की परीक्षाएं उत्तीर्ण होते हैं, उन्हें कैरियर काउंसलिंग के लिए भौतिक एवं ऑनलाईन व्यवस्था कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
श्री तिवारी ने कहा कि इस कार्य के लिए भौतिक रूप से काउंसलिंग जिला सूचना निबंधन एवं परामर्श केंद्र तथा ऑनलाइन काउंसलिंग बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के माध्यम से कराया जाएगा।
शिक्षा मंत्री श्री तिवारी की अध्यक्षता में माध्यमिक शिक्षा के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये।
मंत्री ने केन्द्रीय विद्यालयों के लिए भूमि उपलब्धता का अविलंब समाधान निकलने पर बल दिया और भूमि के भौतिक रूप से स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए।
बैठक में श्री तिवारी ने कहा कि सात निश्चय-03 के अन्तर्गत प्रत्येक प्रखण्ड में एक मॉडल विद्यालय विकसित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें भौतिक ई-पूस्तकालय एवं उच्च गुणवत्ता वाले विज्ञान लैब का निर्माण कराए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने सिमुलतल्ला आवासीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि वैसे उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों, जहाँ भूमि की उपलब्धता तथा पक्के रास्तों (सभी मौसम हेतु पहुँच पथ) की आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर भूमि उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों यथा - रेल मंत्रालय, कृषि विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के वरीय पदाधिकारीगण के साथ बैठक करे।
श्री तिवारी ने गैर-सरकारी विद्यालयों के विद्यालय प्रबंध समिति के दायित्वों एवं इनके सदस्य के रूप में संबंधित प्रखण्ड के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को नामित करने संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित