जयपुर , अप्रैल 28 -- इंटरनेशनल सोलर अलायंस (आईएसए) ने ऊर्जा संक्रमण (एनर्जी ट्रांजिशन) के क्षेत्र में राजस्थान के विद्युत वितरण निगमों की उपलब्धियों की सराहना की है।

ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए स्थापित इस अन्तरराष्ट्रीय संगठन से 126 देश जुड़े हैं। आईएसए ने डिजिटल टिवन के माध्यम से ग्रिड डिजिटाइजेशन के लिए जयपुर डिस्कॉम द्वारा की गई पहल तथा विकेन्द्रित सौर ऊर्जा के हब के रूप में विकसित करने की राजस्थान डिस्कॉम्स की सफल कहानी को अफ्रीका महाद्वीप के डिस्ट्रिब्यूशन सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के लिए भी अनुकरणीय बताया है।

इंटरनेशनल सोलर अलायंस के महानिदेशक आशीष खन्ना के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को यहां विद्युत भवन में शासन सचिव ऊर्जा तथा राजस्थान डिस्कॉम्स की चेयरमैन आरती डोगरा सहित अजमेर एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहा था।

इस दौरान श्री खन्ना ने कहा कि राजस्थान ने पीएम कुसुम के माध्यम से चार हजार मेगावाट से अधिक विकेन्द्रित सौर ऊर्जा क्षमता हासिल कर ली है। गत दो से ढ़ाई वर्ष के अल्प समय में ही प्राप्त यह अभूतपूर्व उपलब्धि है। उन्होंने इस बात पर भी संतोष व्यक्त किया कि राजस्थान सोलर रूफ टॉप के मामले में भी देश के प्रथम तीन राज्यों में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित